- Hindi News
- Local
- Jharkhand
- Jharkhand Naxalite Incident; Blown Up Mobile Tower In Hazaribagh On Republic Day Hoisted Black Flags On School And Panchayat Building In Giridih
हजारीबाग/ गिरिडीह/ गुमला8 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
पंचायत भवन परिसर में लगाया झंडा
गणतंत्र दिवस पर झारखंड के अलग-अलग जिलों में नक्सलियों ने दुस्साहस का परिचय दिया है। अलग-अलग इलाकों में नक्सलियों की ओर से काला झंडा फहराया गया है। कई सरकारी इमारतों और परिसर में गणतंत्र के विरोध स्वरूप काला ध्वज लगाया गया है। हजारीबाग के बिष्णुगढ़ में मोबाइल टॉवर उड़ाया गया है। वहीं गिरिडीह के डुमरी व मधुबन इलाके में झंडा लगाया गया है। वहीं गुमला के बिशुनपुर में स्कूल में काला झंडा लगाया गया है।
स्कूल के बाहर लगाया गया काला झंडा
हजारीबाग में वारदात
26 जनवरी की सुबह बुधवार को बिष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के खरकी में माओवादियों ने मोबाइल टावर के समीप लगाए गए उपकरणों को उड़ा दिया। प्रखंड मुख्यालय से 25 किलोमीटर माओवादी ने इस घटना का अंजाम दिया है। विस्फोट से टावर को भी नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा कुछ दूर पर स्थित उत्क्रमित खरकी विद्यालय में बम लगा दिया था। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची CRPF की टीम ने बम को निष्क्रिय कर दिया है।इसके अलावा यहां पर काला झंडा भी लगाया गया था। उसे उतार दिया गया है। घटना की सूचना के बाद पुलिस वहां कैंप कर रही है। जंगल क्षेत्र में छापेमारी की जा रही है। इसके अलावा मडमो के विद्यालयद में काला झंडा लगाया गया है।
स्कूल परिसर में लगाया पोस्टर
गिरिडीह में उत्पात
गिरिडीह के डुमरी और मधुबन इलाके में नक्सलियों ने काला झंडा फहराया है। डुमरी थाना क्षेत्र अमरा पंचायत सचिवालय के सामने नक्सलियों ने बीती रात काला झंडा फहराया है। बुधवार की सुबह देर तक काला झंडा पंचायत सचिवालय के मुख्य द्वार के सामने कुछ दूरी पर लगाया गया था। झंडे के नीचे और सचिवालय के मुख्य दरवाजे पर्चा भी छोड़ा गया है। इसमें बिहार झारखण्ड स्पेशल एरिया कमेटी भारत की कम्युनिस्ट पार्टी माओवादी की ओर से पार्टी के टॉप लीडर किशन दा और शीला दी को समुचित स्वास्थ्य सुविधा देने, राजनीति बंदी का दर्जा देने, बिना शर्त रिहा करने की मांग की गई है। इसके अलावा सरकार के खिलाफ जन प्रतिरोध आंदोलन को जोरदार करने की बात कही गई है।
स्कूल परिसर में लगाया झंडा
मधुबन थाना क्षेत्र के जयनगर व दलान चलकरी के उत्क्रमित मध्य विद्यालय में नक्सलियों द्वारा काला झंडा फहराया गया। पोस्टर भी चिपकाया गया है। इसमें 27 जनवरी को पूर्व घोषित बिहार झारखंड बंद को को सफल बनाने का आह्वान किया गया।बताया जा रहा है कि किशन दा की रिहाई सहित अन्य मांगों को लेकर नक्सलियों की ओर से 21 जनवरी से 26 जनवरी तक प्रतिरोध दिवस मनाने की घोषणा की गई है।
गुमला में सर्च ऑपरेशन शुरू
गुमला जिले के बिशुनपुर थाना अंतर्गत टेमरकरचा स्कूल के समीप नक्सलियों ने काला झंडा फहरा कर गणतंत्र दिवस और आजादी का विरोध जताया। घटना की सूचना पर मिलने के बाद पुलिसकी टीम मौके पर पहुंची। काला झंडा हटाया। नक्सलियों द्वारा फेंके गए पर्चा को जब्त किया गया। पूरे मामले की पुष्टि अभियान एसपी गुमला मनीष कुमार ने की है। उन्होंने कहा कि बुधवार की सुबह सूचना मिली कि नक्सलियों द्वारा काला झंडा फहराया गया है। पुलिस की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन में जुटी है।
इनपुट हजारीबाग से सुबोध मिश्र, शिव कुमार पांडेय तथा गिरिडीह से मनोज सिंह व राजीव पांडेय व गुमला से आरिफ हुसैन अख्तर।